“जॉर्ज एवरेस्ट टेंडर घोटाले पर माहरा का धामी सरकार पर हमला”

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण माहरा ने जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट पर्यटन विकास प्रोजेक्ट में हुए टेंडर घोटाले को राज्य का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह घोटाला भाजपा सरकार के क्रोनी कैपिटलिज़्म (नजदीकी पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने की नीति) का सबसे बड़ा उदाहरण है।

माहरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने बाबा रामदेव और उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण से जुड़ी कंपनियों को 142 एकड़ की बहुमूल्य हेरिटेज भूमि मात्र 1 करोड़ रुपये वार्षिक किराए पर सौंप दी। जबकि इसकी वास्तविक बाजार कीमत 30,000 करोड़ रुपये से भी अधिक है।

उन्होंने कहा कि दिसंबर 2022 में उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा जारी टेंडर में साफ मिलीभगत की गई थी। तीनों बोली लगाने वाली कंपनियां—राजस एरोस्पोर्ट्स एंड एडवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, भारूवा एग्री साइंस प्राइवेट लिमिटेड और प्रकृति ऑर्गेनिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड—प्रत्यक्ष रूप से आचार्य बालकृष्ण से जुड़ी हुई थीं। यह न केवल टेंडर नियमों का उल्लंघन है बल्कि एंटी-कोल्यूशन कानून का भी खुला उल्लंघन है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक से 23.5 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था, लेकिन लाभ बालकृष्ण की कंपनी को दे दिया गया। इस सौदे के बाद कंपनी की आय आठ गुना बढ़ गई, लेकिन राज्य को इसका न्यूनतम हिस्सा ही मिला। माहरा ने सीधा आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री धामी और उनके अधिकारी इस घोटाले के जिम्मेदार हैं।

माहरा ने कहा कि सरकार की यही कार्यशैली धारचूला के गूंजी क्षेत्र में भी दिख रही है। वहां वर्षों से रह रहे स्थानीय लोगों की जमीनें और हक-हकूक छीने जा रहे हैं। वहीं शिव धाम की जमीन पर्यटन विभाग को सौंपने की तैयारी हो रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि सरकार यहां की जमीन को किसी निजी कंपनी या पूंजीपति के हवाले न करे।

इसके साथ ही माहरा ने एक और मुद्दा उठाया कि एक निजी एविएशन कंपनी ओम पर्वत और छोटा कैलाश के दर्शन करा रही है और यात्रियों को अपने ही होमस्टे में ठहरा रही है। इसका सीधा असर स्थानीय लोगों की आजीविका और रोजगार पर पड़ रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में यह पहली बार नहीं हुआ है। मोदी सरकार से लेकर धामी सरकार तक बार-बार सरकारी संस्थानों और संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के लिए गुप्त सौदों और अनैतिक हथकंडों का इस्तेमाल हुआ है। इससे यह साफ हो गया है कि भाजपा जनता की संपत्ति को अपने चहेतों को भेंट करने में लगी है।

माहरा ने मांग की कि जॉर्ज एवरेस्ट भूमि से जुड़े इस घोटाले की सीबीआई जांच हाईकोर्ट की निगरानी में कराई जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड को लूट का अड्डा बना दिया है—चाहे भर्ती घोटाला हो, पेपर लीक हो या अब पर्यटन घोटाला। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जनता को न्याय दिलाने का काम करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html