चमोली में शौच के लिए जा रही महिला पर गुलदार का हमला, गले में गंभीर चोटें, अस्पताल में भर्ती

चमोली (उत्तराखंड): जिले के दशोली ब्लॉक के नैल-कुड़ाव गांव में रविवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ शौच के लिए जा रही एक महिला पर गुलदार (तेंदुआ) ने अचानक हमला कर दिया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है, जब 42 वर्षीय हीरा देवी, पत्नी रघुवीर सिंह रावत, रोज़ की तरह शौचालय की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हीरा देवी की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों की आवाज सुनते ही गुलदार भाग गया, लेकिन तब तक महिला के गले पर गंभीर चोटें लग चुकी थीं।

ग्रामीणों की मदद से हीरा देवी को तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि उनके गले में गुलदार के पंजों के गहरे निशान हैं और उन्हें पाँच टांके लगाए गए हैं।

सूचना मिलते ही वन सरपंच वीरेंद्र असवाल ने केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग को सूचित किया, जिसके बाद वन विभाग की टीम गांव में पहुंच गई है। विभाग द्वारा इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों में इस घटना के बाद गहरी दहशत है। उनका कहना है कि गांव के आसपास कम से कम दो गुलदार सक्रिय हैं, जो कभी भी किसी अन्य घटना को अंजाम दे सकते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गुलदारों की बढ़ती मौजूदगी को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html