जनसेवा, सादगी और समर्पण की मिसाल थे स्व. हरबंस कपूर, आने वाली पीढ़ियों के लिए रहेंगे प्रेरणा स्रोत : मुख्यमंत्री धामी”

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरबंस कपूर मेमोरियल सामुदायिक भवन, गढ़ीकैंट देहरादून में आयोजित स्वर्गीय हरबंस कपूर की 80वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. हरबंस कपूर एक ऐसे जननेता थे, जिन्होंने अपने पूरे जीवन में समाज और जनता के हितों को सर्वोपरि रखा। उनका संपूर्ण जीवन जनसेवा, विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर की कार्यशैली, सादगी और संवेदनशीलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. हरबंस कपूर ने प्रत्येक वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य किया। वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और उनके समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। राज्य के विकास से जुड़े हर विषय पर उनका दृष्टिकोण सकारात्मक और दूरदर्शी रहा, जिसके चलते उन्होंने अपने क्षेत्र के साथ-साथ पूरे प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने स्व. कपूर के साथ बिताए गए पलों को साझा करते हुए कहा कि वे एक सरल, सहज और संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे। आम जन से उनका गहरा जुड़ाव था और वे हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी सेवा करना अपना कर्तव्य मानते थे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी स्व. हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर एक आदर्श जननेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण जनसेवा को समर्पित किया। मंत्री जोशी ने उन्हें अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि आज वे जिस भी स्थान पर हैं, उसमें स्व. हरबंस कपूर का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर का राज्य के विकास में योगदान सदैव स्मरणीय और अनुकरणीय रहेगा।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर ने भी स्व. हरबंस कपूर के जीवन और उनके संघर्षों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में दायित्वधारी श्याम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने स्व. हरबंस कपूर के आदर्शों पर चलने और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html