चमोली में पति-पत्नी चुनावी मैदान में, आयोग का प्लान ‘B’ तैयार

चमोली। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी 24 जुलाई को पहले चरण का मतदान और 28 जुलाई को दूसरे चरण का मतदान प्रस्तावित है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक योजना ‘प्लान B’ भी तैयार कर ली है।

इस बीच चमोली जिले के लामबगड़ गांव से एक दिलचस्प चुनावी तस्वीर सामने आई है, जहां पति-पत्नी दोनों चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। गांव की निवासी मीनाक्षी चौहान ग्राम प्रधान पद की उम्मीदवार हैं, जबकि उनके पति वृजमोहन चौहान क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) के लिए हनुमान चट्टी से चुनाव लड़ रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों एक-दूसरे के प्रचार में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं और संयुक्त रूप से अपने-अपने चुनाव चिन्ह के पोस्टर लगाकर प्रचार कर रहे हैं।

दंपति का कहना है कि उन्हें जनसमर्थन पर पूरा भरोसा है और दोनों की प्राथमिकता गांव का विकास है। उनके चुनावी अभियान को स्थानीय जनता की अच्छी प्रतिक्रिया भी मिल रही है।

राज्य निर्वाचन आयोग का प्लान ‘B’:

राज्य में भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि 24 जुलाई को मौसम खराब होने के कारण मतदान संभव नहीं हो पाया, तो उस क्षेत्र में मतदान 28 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। इसी तरह, यदि दूसरे चरण यानी 28 जुलाई को मौसम प्रतिकूल रहा, तो मतदान 30 जुलाई को आयोजित किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों में पोलिंग पार्टियों की तैनाती और प्रशिक्षण पूरा कर लिया है, और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आयोग ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में मतदान प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होनी चाहिए।

चुनाव के इस दिलचस्प और संवेदनशील माहौल में चमोली की यह पति-पत्नी की जोड़ी स्थानीय राजनीति में एक नया रंग भर रही है, वहीं निर्वाचन आयोग मौसम की चुनौती के बावजूद पूरी तैयारी के साथ चुनाव कराने को तैयार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html