देहरादून, 25 मार्च 2026: चैत्र नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल) ने बुधवार को लोक भवन में सपरिवार पूरे विधि-विधान के साथ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि चैत्र नवरात्रि का यह पर्व केवल व्रत और उपवास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नारी शक्ति के सम्मान और कन्याओं के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का प्रतीक भी है। उन्होंने समाज में बेटियों के सम्मान और उनकी गरिमा को बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी को इस पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व हमें भारतीय परंपराओं और मूल्यों से जोड़ते हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।