टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले दल को दिखाई हरी झंडी

टनकपुर (चम्पावत): देवभूमि उत्तराखंड से कैलाश मानसरोवर की दिव्य यात्रा की शुरुआत शनिवार को भव्य और पारंपरिक अंदाज़ में हुई। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर स्थित पर्यटन आवास गृह से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का पारंपरिक रूप से स्वागत किया और उन्हें उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े स्मृति चिह्न भी भेंट किए। यात्रा के पहले दल में देश के 11 राज्यों से आए श्रद्धालु शामिल हुए।

मुख्यमंत्री धामी ने यात्रियों से संवाद करते हुए कहा, “कैलाश मानसरोवर की यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, यह आत्मिक और आध्यात्मिक जागरण का पवित्र मार्ग है। इस यात्रा का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता।” उन्होंने कहा कि श्रद्धालु इस यात्रा में समर्पण, श्रद्धा और आत्मिक अनुभूति लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव की पावन उपस्थिति उत्तराखंड के कण-कण में विद्यमान है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में अब यह यात्रा न केवल भौगोलिक रूप से सरल हुई है, बल्कि आध्यात्मिक रूप से भी अधिक सुलभ बन गई है। पहले जहां यात्रा में सात दिन या अधिक लगते थे, अब उसी मार्ग को कुछ ही घंटों में तय किया जा सकता है

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार का विशेष प्रबंध

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने इस यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए हर स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित की है। यात्रा मार्ग में स्वास्थ्य, आवास, भोजन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं को मजबूत किया गया है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की सफल, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने चम्पावत वासियों के आत्मीय व्यवहार और उत्तराखंड सरकार की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए स्मरणीय और सुखद अनुभव बनकर रहेगी।

प्रशासनिक अमला रहा उपस्थित

इस शुभारंभ अवसर पर कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से:

  • दीपक रावत, आयुक्त कुमाऊं मंडल

  • संजय गुंजियाल, आईजी आईटीबीपी एवं जनसंपर्क अधिकारी, कैलाश मानसरोवर यात्रा

  • रिद्धिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊं मंडल

  • विनीत तोमर, प्रबंध निदेशक, कुमाऊं मंडल विकास निगम

  • मनीष कुमार, जिलाधिकारी, चम्पावत

  • विनोद गोस्वामी, जिलाधिकारी, पिथौरागढ़

  • अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक, चम्पावत

Leave A Reply

Your email address will not be published.