सीएम आवास कूच के दौरान कांग्रेसी नेता हरक सिंह रावत समेत कई नर्सिंग अधिकारी गिरफ्तार

देहरादून में अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों और उनके समर्थन में पहुंचे कांग्रेसी नेता हरक सिंह रावत को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारी परेड ग्राउंड में जुटे और वहीं से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।

प्रदर्शनकारी जैसे ही हाथीबड़कला चौकी के पास पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर पहुंचे हरक सिंह रावत ने भी बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अन्य दर्जनों नर्सिंग अधिकारियों के साथ हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि नर्सिंग विभाग में 2020 के बाद से भर्ती प्रक्रिया नहीं हुई, जिससे स्थानीय युवाओं को नौकरी के अवसर नहीं मिल पाए। पिछली भर्ती में कई अभ्यर्थियों का दो बार चयन हुआ, जबकि अन्य राज्यों के उम्मीदवारों का भी चयन हुआ, जिससे उत्तराखंड के बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों का नुकसान हुआ।

संगठन का कहना है कि नई भर्ती विज्ञप्ति आने तक कई युवाओं की आयु सीमा पार हो चुकी है। वर्तमान में जारी विज्ञप्ति को वे तत्काल निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग में आईपीएचएस मानकों के अनुसार कम से कम 2500 पदों पर नई भर्ती निकाले जाने, उत्तराखंड मूल निवासी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने और आयु सीमा में विशेष छूट प्रदान करने की मांग भी उठाई जा रही है।

नवल पुंडीर ने याद दिलाया कि वर्ष 2021 में संगठन ने 134 दिनों तक धरना दिया था, जिसके बाद सरकार ने 3000 पदों पर विज्ञप्ति जारी की थी। कई दौर की वार्ताओं के बाद भी समाधान न निकलने पर यह आंदोलन फिर से शुरू किया गया है। वर्तमान में मंच से करीब 1000 नर्सिंग अधिकारी जुड़े हुए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html