जाम से मुक्ति के लिए सख्त हुई जिलाधिकारी, पार्किंग स्थलों का किया औचक निरीक्षण

पौड़ी। नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और अव्यवस्थित पार्किंग की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को पौड़ी शहर के विभिन्न पार्किंग स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को बेहतर पार्किंग सुविधा मुहैया कराई जाए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।

छतरीधार पार्किंग का सर्वे, वाहनों को सुव्यवस्थित लगाने के निर्देश

निरीक्षण की शुरुआत जिलाधिकारी ने छतरीधार स्थित नगर पालिका की स्थायी पार्किंग से की। उन्होंने मौके पर वाहनों की अव्यवस्थित खड़ी स्थिति देखी और निर्देश दिए कि पार्किंग स्थल पर वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाया जाए।

निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों की प्रगति जानी

इसके बाद जिलाधिकारी अपर चोपड़ा स्थित जिला विकास प्राधिकरण की निर्माणाधीन पार्किंग का जायजा लेने पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली और तय समयसीमा में कार्य पूरा करने पर जोर दिया। इसी क्रम में उन्होंने जेल गधेरे क्षेत्र में चिन्हित पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया और कहा कि ऐसे स्थानों को जल्द ही पार्किंग के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है।

नियम तोड़ने वालों को नोटिस, फिक्स अलॉटमेंट पर जोर

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नगर पालिका पार्किंग का मार्ग एक एजेंसी द्वारा ब्लॉक किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित स्वामियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्किंग स्थलों पर फिक्स अलॉटमेंट की व्यवस्था लागू हो और इनका उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए किया जाए।

बहुमंजिला पार्किंग और टैक्सी स्टैंड की योजना

जिलाधिकारी ने सत्यखाल–देहलचौरी मार्ग पर निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी और संयुक्त मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि इस स्थल को टैक्सी स्टैंड के रूप में विकसित करने के लिए टैक्सी संचालकों से बैठक की जाए।
इसी तरह, उन्होंने शिक्षा विभाग के मंडलीय कार्यालय और जिला अस्पताल परिसर के पास प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। जिला अस्पताल परिसर में निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को विस्तृत सर्वे रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

कैफे संचालन पर कड़ी नाराजगी

निरीक्षण के दौरान अपर बाजार स्थित नगर पालिका की पार्किंग साइट पर अस्थायी टीनशेड डालकर कैफे संचालित पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि उक्त स्थान को प्राथमिकता से पार्किंग में बदला जाए। आवश्यकता पड़ने पर पार्किंग स्थल के ऊपर कैफे संचालित किया जा सकता है, लेकिन पार्किंग स्थल को कब्जे में नहीं किया जाना चाहिए।

जाम पर काबू के लिए चालानी कार्रवाई का आदेश

जिलाधिकारी ने शहर में अव्यवस्थित खड़े वाहनों पर नियमित चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहगीरों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गायत्री बिष्ट, जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता रणवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html