देहरादून। राजधानी के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दहेज के लालच में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को रिस्पना नगर निवासी शहवाज आलम से हुई थी। मृतका के भाई सलमान आसिफ ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर कहकशा को प्रताड़ित कर रहा था।
बीमारी का बहाना बनाकर छिपाने की कोशिश
बताया गया कि 3 मार्च की रात ससुराल पक्ष कहकशा को गंभीर हालत में महंत इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना मिलने पर मामले की जांच शुरू हुई।
चूंकि शादी को अभी चार महीने ही हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट की निगरानी में पंचनामा और डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपी पति शहवाज आलम को 5 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हुई थी और वह पत्नी के कम पढ़े-लिखे होने तथा कम दहेज मिलने से नाराज़ था।
आरोपी ने योजना बनाकर 3 मार्च की रात सो रही पत्नी का कंबल से मुंह दबाकर दम घोंट दिया। हत्या के बाद उसने परिवार वालों के साथ मिलकर बीमारी से मौत का बहाना बनाते हुए शव को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन पुलिस जांच में सच सामने आ गया।
मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।