कांग्रेस का वोट चोरी विरोधी अभियान शुरू, 70 विधानसभाओं में चलेगा हस्ताक्षर अभियान
-
कांग्रेस ने छेड़ा वोट चोरी विरोधी हस्ताक्षर अभियान
-
उत्तराखंड की 70 विधानसभाओं में पहुंचेगा कांग्रेस का अभियान
-
धस्माना बोले – फर्जी वोट से भाजपा बना रही सरकारें
देहरादून। कांग्रेस ने वोट चोरी के खिलाफ अपने आंदोलन को तेज करते हुए आज से प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कर दी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

हस्ताक्षर से बनेगा जनआंदोलन
पार्टी सभागार में लगाए गए बैनर पर श्री धस्माना ने सबसे पहले हस्ताक्षर किए और फिर अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी अपना समर्थन दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन की शुरुआत है। उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभाओं में यह अभियान चलाया जाएगा और पाँच लाख नागरिकों से हस्ताक्षर करवाकर इसे कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सौंपा जाएगा।

भाजपा और चुनाव आयोग पर आरोप
मीडिया से बातचीत में धस्माना ने कर्नाटक की सेंट्रल बेंगलुरु सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि कैसे चुनाव आयोग की मिलीभगत से एक ही विधानसभा में एक लाख से अधिक फर्जी वोट जोड़े गए, जिसके दम पर भाजपा ने हारी हुई सीट जीत ली। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले कई वर्षों से चुनाव आयोग की मदद से फर्जी वोटिंग कर केंद्र और राज्यों में सरकार बनाई है।
