दून जिला पंचायत पर कांग्रेस का कब्ज़ा, सुखविंदर कौर बनीं अध्यक्ष

देहरादून। उत्तराखंड में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए हुए चुनाव में देहरादून जिले में कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर भारतीय जनता पार्टी को करारा झटका दिया। बृहस्पतिवार को घोषित नतीजों में कांग्रेस की सुखविंदर कौर ने भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान की पत्नी और दो बार की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी मधु चौहान को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्ज़ा जमाया।

अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 16 सदस्यों का समर्थन आवश्यक था। कांग्रेस का दावा है कि उनके पास पहले से ही बहुमत सुरक्षित था, जबकि भाजपा ने पूरे चुनाव अभियान के दौरान समीकरण साधने की कोशिश की, लेकिन सभी रणनीतियाँ नाकाम रहीं।

उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की। यहां कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह ने भाजपा प्रत्याशी को पराजित किया। इस जीत के साथ जिला पंचायत में कांग्रेस का दबदबा और मज़बूत हो गया है।

चमोली और रुद्रप्रयाग के नतीजे भी आए सामने
चमोली में भाजपा के दौलत बिष्ट जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए। रुद्रप्रयाग में भाजपा की पूनम कटैत ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उखीमठ में कांग्रेस के पंकज शुक्ला और विनीता चमोली ब्लॉक प्रमुख बने।

हरिद्वार और उधमसिंहनगर में चुनाव स्थगित
राज्य के 12 जिला पंचायतों में से हरिद्वार को छोड़कर गुरुवार को चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। उधमसिंहनगर में हाईकोर्ट की रोक के चलते परिणाम घोषित नहीं हुए। बाकी पांच जिलों में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हो चुका था।

राजनीतिक समीकरण पर असर
देहरादून में कांग्रेस की यह जीत न केवल जिला पंचायत में बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी भाजपा के लिए चुनौती मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर यह परिणाम आने वाले चुनावों में माहौल बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html