देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए पार्टी ने राज्य को आठ चुनावी जोन में बांटते हुए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंप दी है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में हुई पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में करीब 12 हजार बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति की प्रक्रिया पर काम चल रहा है। प्रभारी ने इस संबंध में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
कुमारी सैलजा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को गुटबाजी से ऊपर उठकर एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए जरूरी है कि सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर जनता के बीच जाएं और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं।
बैठक में प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। साथ ही, जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंच बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
नेताओं ने प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक चुनौतियों पर गंभीर मंथन करते हुए आगामी चुनाव के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कांग्रेस अब बूथ स्तर से लेकर जोन स्तर तक संगठन को सक्रिय कर चुनावी मैदान में मजबूती से उतरने की तैयारी में जुट गई है।