गैरसैंण में कांग्रेस का विधानसभा घेराव, बैरिकेडिंग तोड़ने पर पुलिस से झड़प

भराड़ीसैंण (गैरसैंण)। गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर के बाहर मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी झड़प हो गई। विधानसभा घेराव के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई।

बताया जा रहा है कि उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत विधानसभा घेराव का आह्वान किया था। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विधानसभा जाने वाले मार्गों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करते हुए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगा दी थी।

नेताओं के नेतृत्व में आगे बढ़े कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, रंजीत सिंह रावत और करन माहरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़ने लगे।

जब पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग पर रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकलने में सफल हो गए और विधानसभा की ओर बढ़ने लगे, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

कई मुद्दों को लेकर विरोध

कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य सरकार के खिलाफ कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इनमें प्रमुख रूप से महिलाओं पर अत्याचार, बेरोजगारी, भर्ती घोटाले, अंकिता भंडारी को न्याय, महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति जैसे मुद्दे शामिल हैं।

इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने किसान विरोधी नीतियों, मनरेगा से जुड़े सवालों, व्यापारी वर्ग की समस्याओं, मानव-वन्यजीव संघर्ष और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है और हालात पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html