सहस्रधारा में बादल फटा: होटल- दुकानें तबाह, टपकेश्वर मंदिर जलमग्न

देहरादून। सहस्रधारा क्षेत्र में सोमवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। आधी रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच अचानक पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गया, जिसने मुख्य बाजार को अपनी चपेट में ले लिया। इस आपदा में दो से तीन बड़े होटल क्षतिग्रस्त हो गए जबकि बाजार की 7 से 8 दुकानें पूरी तरह से ध्वस्त हो गईं।

घटना के समय बाजार में लगभग 100 लोग फंसे हुए थे। लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और साहस से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती सूचना के मुताबिक एक से दो लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। राहत दल लापता लोगों की खोज में जुटा है।

नदियाँ उफान पर, टपकेश्वर मंदिर डूबा
बादल फटने के बाद सहस्रधारा क्षेत्र की नदियाँ उफान पर आ गईं। तमसा नदी ने विकराल रूप ले लिया, जिसके चलते देहरादून का प्रसिद्ध टपकेश्वर मंदिर जलमग्न हो गया और शिवलिंग तक पानी पहुंच गया। प्रशासन ने तुरंत मंदिर परिसर को खाली कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। इसी तरह आईटी पार्क क्षेत्र में भारी मलबा आने से सॉन्ग नदी का जलस्तर बढ़ गया। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

राहत दल की जद्दोजहद
आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। हालांकि भारी मलबे के कारण राहत दल पहले घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) की जेसीबी मशीनों ने रास्ता खोलने का काम शुरू किया, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य आगे बढ़ पाया।

झड़ीपानी में मजदूर की मौत
इधर मसूरी के झड़ीपानी क्षेत्र में भी देर रात भारी बारिश से हादसा हुआ। मजदूरों के अस्थायी आवासों पर मलबा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “देहरादून के सहस्रधारा में देर रात हुई अतिवृष्टि से कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचने की दुखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस मौके पर मौजूद हैं और राहत–बचाव कार्यों में जुटे हैं। मैं लगातार प्रशासन से संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html