देहरादून में गूँजा स्वच्छता का संकल्प गांधी पार्क से शुरू हुआ स्वच्छता पखवाड़ा

देहरादून में शुरू हुआ ‘स्वच्छ उत्सव-2025’

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजधानी देहरादून से स्वच्छ उत्सव-2025 कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की बधाई भी दी।

स्वच्छता का संदेश और शपथ

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री धामी द्वारा झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश देने से हुई। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से स्वच्छता की मुहिम से जुड़ने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए, पौधारोपण किया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वच्छता कार्यों में योगदान देने वाले पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया।

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता आंदोलन को पूरे देश में नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा, “स्वच्छ उत्सव-2025 केवल एक अभियान नहीं बल्कि एक संकल्प है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य का वचन है।”

देहरादून की रैंकिंग में सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून ने देशभर में 19वाँ स्थान हासिल किया है। स्वच्छता रैंकिंग में भी देहरादून नगर निगम ने इस वर्ष 62वाँ स्थान पाया है, जो पिछले वर्षों से बेहतर है।

उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक छह लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है। वहीं देहरादून नगर निगम ने सफाई संबंधी समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए स्वच्छता कंट्रोल रूम की स्थापना की है। इसके साथ ही कूड़ा उठान, सीसीटीवी निगरानी और नियमित सफाई व्यवस्था ने शहर को एक नई दिशा दी है।

स्वच्छता को जीवनशैली बनाने की अपील

सीएम धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का उल्लेख किया और कहा कि पौधारोपण जीवन की गुणवत्ता सुधारने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण देने का साधन है।

कार्यक्रम में रहे कई जनप्रतिनिधि शामिल

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, विधायक सुरेश गड़िया, सचिव नितेश झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html