देहरादून में शुक्रवार को मुख्य सचिव Anand Bardhan की अध्यक्षता में सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार पर गठित राज्य स्तरीय सलाहकार समिति की छठी बैठक आयोजित हुई। बैठक में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई तथा कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश की दूसरी खाद्य परीक्षण लैब का लोकार्पण आगामी 7 जून 2026 को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने खाद्य पदार्थों की जांच प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रवर्तन गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया।
मिलावटखोरों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्य सचिव ने कहा कि खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के लिए राज्य सेक्टर बजट में पर्याप्त प्रावधान किया जाए। साथ ही केंद्र सरकार से मिलने वाले बजट के लिए एक कॉर्पस फंड तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि खाद्य नमूनों की निरंतर जांच सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने मिलावटखोरी में लगातार संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और अदालतों में चल रहे मामलों की मजबूत पैरवी करने को कहा, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।
शिकायतों के लिए जारी होगा 4 अंकों का हेल्पलाइन नंबर
बैठक में मुख्य सचिव ने आम जनता की सुविधा के लिए एक सरल चार अंकों का हेल्प डेस्क नंबर जारी करने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे लोग मिलावट या खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने प्रदेश में खाद्य सुरक्षा के ईको सिस्टम को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए टेस्टिंग लैब्स के साथ मोबाइल टेस्टिंग लैब्स की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
कुंभ 2027 के लिए अभी से तैयारी
मुख्य सचिव ने Kumbh Mela 2027 को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा की तैयारियां अभी से शुरू करने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र में खाद्य परीक्षण एवं निगरानी के लिए समर्पित टीमों की तैनाती तथा डेडिकेटेड वेंडिंग जोन चिन्हित करने के निर्देश दिए।
सरकारी संस्थानों में बढ़ेगा “ईट राइट” अभियान
मुख्य सचिव ने “ईट राइट कैंपस सर्टिफिकेशन” को सरकारी संस्थानों में प्राथमिकता के साथ लागू करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राजकीय शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों, छात्रावासों, वृद्धाश्रमों, बाल गृहों और नारी निकेतन में इसे लागू किया जाए।
साथ ही उन्होंने मिड डे मील और आंगनवाड़ी केंद्रों में वितरित किए जाने वाले टेक होम राशन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस्तेमाल किए गए तेल पर भी निगरानी
मुख्य सचिव ने यूज्ड कुकिंग ऑयल को फूड चेन से बाहर करने के लिए संग्रहणकर्ताओं की संख्या बढ़ाने की दिशा में कार्य करने को कहा। उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों तथा मुख्य शेफ के लिए जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि सुरक्षित भोजन और “ईट राइट” अभियान को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में सचिव Vinay Shankar Pandey, अपर सचिव Rohit Meena सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।