मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए बजट प्रावधानों के अनुरूप राजस्व वृद्धि के निर्देश
देहरादून, 01 अप्रैल: उत्तराखंड के नवनियुक्त मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज सचिवालय में अपनी पहली सचिव समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उन्होंने सभी विभागों को बजट प्रावधानों के अनुरूप राजस्व बढ़ाने तथा पूंजीगत मद पर व्यय में वृद्धि करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को वार्षिक कार्य योजना पूर्व निर्धारित करने और हर महीने का लक्ष्य तय करने पर विशेष जोर दिया।
वित्तीय वर्ष 2024-25 की समीक्षा और योजनाओं का पूर्व निर्धारण
मुख्य सचिव ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्यय एवं लक्ष्यों की प्राप्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आगामी वित्तीय वर्ष के प्रस्तावों को पहले से तैयार रखें। अवस्थापना विकास से जुड़ी परियोजनाओं के चिन्हांकन के लिए “Shelf of Projects” तैयार करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे योजनाओं को सुचारू रूप से क्रियान्वित किया जा सके।
गति शक्ति पोर्टल पर परियोजनाओं का नियमित अपडेट अनिवार्य
मुख्य सचिव ने व्यय वित्त समिति (EFC) के कार्यों को गति शक्ति पोर्टल के माध्यम से निष्पादित करने की हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं के गठन से लेकर उनके क्रियान्वयन तक की प्रक्रिया इस पोर्टल पर अपडेट होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंत्रिमंडल में प्रस्ताव भेजने से पहले उन्हें पूरी तरह से तैयार कर ससमय प्रस्तुत किया जाए। इसके अलावा, लैण्ड बैंक को समय पर तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए ताकि प्रस्तावों पर अविलंब कार्यवाही शुरू हो सके।
चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर कड़े निर्देश
आगामी चारधाम यात्रा की पुख्ता व्यवस्थाओं के लिए मुख्य सचिव ने सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने सभी विभागों को यात्रा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर सभी जरूरतों का पूर्व आंकलन कर व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा मार्गों के लिए निम्नलिखित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी:
देहरादून से केदारनाथ मार्ग – सचिव युगल किशोर पंत
बदरीनाथ यात्रा मार्ग – सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार
गंगोत्री धाम – सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम
यमुनोत्री धाम – सचिव डॉ. नीरज खैरवाल
सभी प्रमुख सचिव एवं सचिव रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य सरकार के सभी प्रमुख सचिव एवं सचिव उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को सुचारू प्रशासनिक कार्यों को सुनिश्चित करने के
लिए समुचित दिशा-निर्देश दिए।