बागेश्वर में विकास कार्यों की रफ्तार पर मुख्यमंत्री धामी की नजर, खिलाड़ियों के बीच पहुंचे और बागनाथ धाम में की पूजा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बागेश्वर जिले का दौरा कर विकास परियोजनाओं की प्रगति का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने सरयू नदी तट पर जारी सौंदर्यीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों का स्थल पर जाकर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि बागेश्वर क्षेत्र में चल रही परियोजनाएं स्थानीय जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगी, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के नागरिकों से संवाद किया। लोगों ने अपनी समस्याएं, सुझाव और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से वे लगातार फील्ड में जाकर प्रत्यक्ष रूप से स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी बागेश्वर भ्रमण के दौरान बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था और उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि उत्तराखण्ड के खिलाड़ी देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन कर सकें। मुख्यमंत्री के साथ खेलने के लिए खिलाड़ी भी उत्साहित नजर आए और उन्होंने सरकार की खेलों के प्रति संवेदनशील नीतियों की प्रशंसा की।

इसके बाद मुख्यमंत्री बागनाथ मंदिर पहुँचे जहाँ उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों से मिलकर उनकी भावनाएं जानीं और कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

अपने बागेश्वर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उन वीर सैनिकों को नमन करने का अवसर है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को टोकन फ्लैग और लापेल पिन लगाया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, विधायक सुरेश गडिया, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, एसडीएम प्रियंका रानी, ललित मोहन तिवारी समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html