हल्द्वानी में अतिक्रमण पर चला बुलडोज़र, पोकलेन-जेसीबी से दो अवैध इमारतें ध्वस्त

हल्द्वानी। हल्द्वानी में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण पर बुलडोज़र चला दिया। गुरुवार को ऊंचापुल क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत दो अवैध इमारतों को पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार ये भवन सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग की भूमि पर बने हुए थे और लंबे समय से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण योजना में बाधा बन रहे थे। कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद भवन स्वामियों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा और एसडीएम प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में पोकलेन मशीन से दोनों भवनों को गिराने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

प्रशासन ने बताया कि शहर में पिछले एक वर्ष से सड़क और प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी योजना के तहत कालाढूंगी स्टेट हाईवे पर कटघरिया से कालू सिद्ध मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है।

ऊंचापुल क्षेत्र में बने ये दोनों भवन इसी परियोजना में बाधा बन रहे थे। अधिकारियों के अनुसार जुलाई 2025 से कई बार नोटिस जारी किए गए थे और भवन स्वामियों ने 7 मार्च तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन तय समय सीमा के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html