हल्द्वानी में भाई ने भाई की ली जान: इलाज के खर्च से तनाव, पैरोल पर छूटा आरोपी चार घंटे में गिरफ्तार
हल्द्वानी (नैनीताल): बरेली रोड क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का नैनीताल पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए महज चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि बड़े भाई संदीप जायसवाल ने अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल की शराब के नशे में पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे बीमार भाई के इलाज का खर्च और घरेलू तनाव वजह बना।
क्या है मामला
घटना 3 फरवरी की देर रात की बताई जा रही है। राम मंदिर बगीचा, बरेली रोड निवासी परिवार में विवाद के दौरान मारपीट हुई। मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि उसके बड़े चाचा संदीप ने छोटे चाचा सोनू के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
चार घंटे में गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डा. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर नामजद आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामदगी भी हुई
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से
-
32 बोर की देशी रिवॉल्वर
-
दो जिंदा कारतूस
-
और हत्या में प्रयुक्त धातु का लोटा
बरामद किया। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।