हल्द्वानी में खूनी सड़क हादसा: CCTV आया सामने, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
हल्द्वानी। शहर के पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास रविवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे के कारण असंतुलित होकर ट्रक की चपेट में आए स्कूटी सवार सुरेश चंद्र पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है, जिसे जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है।
गड्ढे में फंसकर ट्रक के नीचे आए बुजुर्ग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर चल रहे खुदान कार्य के चलते यातायात पहले से ही बाधित था। इसी दौरान स्कूटी सवार बुजुर्ग का वाहन गड्ढे के कारण असंतुलित हो गया और पीछे से आ रहे भारी ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
डीएम ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 के तहत निष्पक्ष मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं।
नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें निम्न बिंदुओं पर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं—
-
दुर्घटना के वास्तविक कारण
-
संभावित लापरवाही की जांच
-
यातायात नियमों के उल्लंघन की पड़ताल
-
भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस सुझाव
सभी साक्ष्य जुटाने के निर्देश
प्रशासन ने पुलिस और संबंधित विभागों को सीसीटीवी फुटेज, पंचनामा रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उनके पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो 15 दिनों के भीतर नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में दें।
मौके पर प्रशासनिक टीम का निरीक्षण
हादसे के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने ट्रैफिक पुलिस, यूयूएसडीए और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पनचक्की से चौफला और दो नहरिया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए गए—
-
खुदान के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित करें
-
सुरक्षा मानकों का पालन करें
-
जरूरत पड़ने पर सड़क चौड़ी करें
-
कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में लाएं