किच्छा में भाजपा नेता के भतीजे की दिनदहाड़े हत्या, क्षेत्र में तनाव

उधमसिंह नगर। उत्तराखंड में अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं। नैनीताल जिला पंचायत चुनाव में अराजकता और अपहरण की घटनाओं के बाद अब उधमसिंह नगर जिले के किच्छा में सोमवार, 18 अगस्त को दिनदहाड़े हुई हत्या ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया।

जानकारी के मुताबिक ग्राम दरऊ निवासी और नवनिर्वाचित प्रधान भाजपा नेता गफ्फार खान के 25 वर्षीय भतीजे अलीम की लगभग 20 से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। चश्मदीदों के अनुसार हमलावर राइफल, पिस्तौल और बंदूक से लैस होकर आए और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। विरोध करने पर अलीम को सीने में कई गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि यह हमला सोची-समझी साजिश और चुनावी रंजिश का नतीजा है। बताया जा रहा है कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच तनाव और विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व भी इनके बीच झगड़ा हुआ था।

वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दुकानें बंद हो गईं और लोग घरों में दुबक गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी फोर्स तैनात कर क्षेत्र को छावनी में बदल दिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से कई कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं।

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि यह घटना दो पक्षों के बीच विवाद के चलते हुई है। फिलहाल पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा की जनता द्वारा गफ्फार खान को प्रधान चुने जाने के बाद से ही विरोधी पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को निशाना बना रहा था। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html