हरिद्वार में बड़ा खुलासा: अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य दबोचे, 20 बाइक बरामद

हरिद्वार। जिले की पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में चुराई गई 20 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। हालांकि गिरोह का चौथा सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।

लगातार बढ़ रही थीं चोरी की घटनाएं

पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार जिले के देहात क्षेत्रों में लगातार दोपहिया वाहनों की चोरी की शिकायतें सामने आ रही थीं। थाना बहादराबाद, कोतवाली मंगलौर, सिविल लाइन रुड़की के अलावा उत्तर प्रदेश के थाना नकुड़ क्षेत्र में भी कई मामले दर्ज हुए थे।

इन घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थलों के आसपास से डिजिटल साक्ष्य जुटाए और जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है।

चैकिंग में दबोचे गए तीन बदमाश

पुलिस टीम ने बीते रोज चैकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोका। जांच में पाया गया कि उनके पास जो बाइक थी वह चोरी की है और उसका मुकदमा थाना बहादराबाद में दर्ज है। थाने लाकर पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों को कबूल कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • मोहित पुत्र नरेश, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर बुर्जुग, कोतवाली लक्सर (ट्रैक्टर चालक)

  • आस मोहम्मद उर्फ आशू पुत्र रियासत, निवासी ग्राम नेहन्तपुर, लक्सर (पेशा – हेयर ड्रेसर)

  • दीपक पुत्र मोतीराम, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर बुर्जुग, लक्सर (पेशा – पाइप लाइन खोदने का कार्य)

भीड़-भाड़ वाले इलाकों को बनाते थे निशाना

आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चारों मिलकर भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिलें चुराते थे। उन्होंने लंढौरा/शिकारपुर मंगलौर से 3, रविदास घाट सिविल लाइन रुड़की से 3, पीठ बाजार बहादराबाद से 1 मोटरसाइकिल चुराने की बात कबूल की। इसके अलावा सहारनपुर (नकुड़), हरियाणा और दिल्ली से भी कई मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात सामने आई है।

खंडहर से मिली 19 मोटरसाइकिलें

पकड़े गए तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने मुलदासपुर स्थित एक खंडहर से 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। वहीं, चैकिंग के दौरान पकड़ी गई बाइक को मिलाकर कुल 20 वाहन बरामद हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरोह का चौथा सदस्य फरार है, जिसकी तलाश जारी है। उसके पकड़े जाने के बाद और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html