पद्म भूषण से सम्मानित होने पर भगत सिंह कोश्यारी का अभिनंदन, मुख्यमंत्री धामी ने कहा “उत्तराखण्ड के लिए गौरव का क्षण”

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के देहरादून स्थित आवास पहुंचकर उन्हें भारत सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान “पद्म भूषण” से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री कोश्यारी के दीर्घ सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए इसे पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि श्री भगत सिंह कोश्यारी को “पद्म भूषण” से सम्मानित किया जाना न केवल उत्तराखण्ड बल्कि समूचे राष्ट्र के लिए सम्मान और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके दशकों लंबे जनसेवा के कार्यों, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण, सामाजिक चेतना और जनकल्याण के लिए किए गए अथक प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर किया गया अभिनंदन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोश्यारी ने अपने राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन में सदैव सादगी, सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के दौरान उनकी सक्रिय भूमिका तथा राज्य निर्माण के बाद विकास की दिशा में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यपाल और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में श्री कोश्यारी ने जो आदर्श स्थापित किए हैं, वे युवाओं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक चेतना और विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कोश्यारी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन आने वाले समय में भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी बना रहेगा। राज्य के विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने भी श्री कोश्यारी को “पद्म भूषण” सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उत्तराखण्ड के सम्मान से जोड़ा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

review

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html