देहरादून। देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी ने तीन नाबालिगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता की मां ने उत्तराखंड पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि गुरुवार शाम करीब सात बजे उनकी बेटी धुलाई के लिए कपड़े देने के लिए पटेल नगर क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान एक किशोर ने उसे फोन कर हरिद्वार बाईपास स्थित एक स्कूल के पास बुलाया।
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दो अन्य किशोरों के साथ मिलकर तीनों उसे बहला-फुसलाकर पास के जंगल में ले गए और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक किशोरी को बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़ गया। बाद में पड़ोस में रहने वाली उसकी सहेली उसे घर लेकर गई। होश में आने के बाद किशोरी ने पूरी घटना परिजनों को बताई, जिसके बाद परिवार तुरंत पुलिस के पास पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पटेल नगर कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। चूंकि तीनों आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें हिरासत में लेकर जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।