जय श्री राम से बनेंगे सारे बिगड़े काम’, लोकसभा में अजय भट्ट का बयान वायरल, जानिए क्या है पूरा मामला
देहरादून/नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) बिल, 2025 पर चर्चा के समय उत्तराखंड के नैनीताल लोकसभा सांसद अजय भट्ट का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह बयान तथाकथित रूप से ‘जी राम जी बिल’ कहे जा रहे विधेयक पर चर्चा के दौरान दिया गया, जिसे लेकर संसद के भीतर और बाहर सियासी हलचल देखने को मिली।
लोकसभा में चर्चा के दौरान अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की मंशा इस बिल को लेकर पूरी तरह साफ है और इसमें किसी प्रकार की दुर्भावना नहीं है। इसी क्रम में उन्होंने धार्मिक आस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि जीवन में समस्याएं हों—जैसे शादी में बाधा, नौकरी न लगना, पारिवारिक कलह, पति-पत्नी में मतभेद, बच्चों का बिगड़ना या घरेलू परेशानियां—तो “श्री राम जय राम जय जय राम” का जाप करने से सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। उनके इस कथन के बाद सदन में हल्की प्रतिक्रिया देखने को मिली, जबकि सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
बिल पर हुआ जोरदार सियासी टकराव
इससे पहले ‘जी राम जी बिल’ को लेकर संसद में जोरदार हंगामा भी देखने को मिला। विपक्षी दलों ने इस विधेयक के जरिए मनरेगा को कमजोर करने का आरोप केंद्र सरकार पर लगाया। चर्चा के दौरान विपक्षी सांसदों ने विरोध स्वरूप बिल की प्रतियां तक फाड़ दीं, जिससे सदन का माहौल गर्म हो गया।
वहीं, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की ओर से शिवराज सिंह चौहान, अजय भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने बिल का मजबूती से समर्थन किया। भाजपा सांसदों का कहना था कि यह विधेयक ग्रामीण रोजगार और आजीविका को मजबूती देगा तथा विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कौन हैं अजय भट्ट
अजय भट्ट मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अल्मोड़ा कॉलेज से बीए-एलएलबी की पढ़ाई की है और वर्ष 1985 में भाजपा की युवा इकाई से राजनीति की शुरुआत की।
-
भारतीय जनता युवा मोर्चा से सक्रिय राजनीति में प्रवेश
-
भाजपा उत्तर प्रदेश इकाई की वर्किंग कमेटी के सदस्य रहे
-
अल्मोड़ा जिले के संगठन मंत्री के रूप में कार्य किया
-
1996 और 2012 में विधानसभा चुनाव जीतकर सदन पहुंचे
-
कांग्रेस सरकार के दौरान नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई
-
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे
-
2019 में नैनीताल–ऊधमसिंहनगर लोकसभा सीट से सांसद बने
-
इसके बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई
-
2024 में पुनः इसी सीट से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे