हरिद्वार में ‘मुख्य सेवक’ का एक्शन: चौपाल में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को मौके पर समाधान के सख्त निर्देश

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम आर्यनगर (गाजीवाली), श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत मुख्य सेवक की चौपाल में पहुंचकर सीधे जनता से संवाद किया। उन्होंने साफ कहा कि अब सरकार फाइलों में नहीं, मैदान में दिखेगी और किसी भी जनसमस्या को लंबित रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उनका निस्तारण तुरंत किया जाए, जबकि अन्य मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी को सभी प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मुख्य सेवक की चौपाल” सरकार की जवाबदेही का जीवंत उदाहरण है और इसका उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने लापरवाही पर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत बीते डेढ़ माह में प्रदेशभर में लाखों लोग लाभान्वित हुए हैं और यह सरकार व जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन रहा है।

युवाओं और रोजगार पर बड़ा दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 28 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार कार्य हो रहा है।

किसानों और महिलाओं के लिए योजनाएं

किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए भी राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

UCC और विकास कार्यों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे सामाजिक समरसता और समानता को मजबूती मिली है। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से विकास कार्यों को नई गति मिली है और तकनीक व पारदर्शिता के माध्यम से भ्रष्टाचार पर सख्त प्रहार किया गया है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html