नगर निगम की जमीन का फर्जी सौदा करने का आरोप, देहरादून में पूर्व पार्षद और पति पर 75 लाख की ठगी का मुकदमा

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मामला थाना रायपुर क्षेत्र का है, जहां भाजपा की पूर्व पार्षद नीतू बाल्मीकि और उनके पति राकेश बाल्मीकि उर्फ तिनका के खिलाफ नगर निगम की सरकारी जमीन का सौदा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जमीन आवंटन का झांसा देकर वसूले लाखों रुपये

जोगीवाला निवासी पीड़ित पर्व वालिया ने थाना रायपुर में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि पूर्व पार्षद और उनके पति ने नगर निगम की एक जमीन दिखाते हुए उसका आवंटन कराने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि उन्होंने कहा कि जमीन का काम “ऊपर तक” सेटिंग से हो जाएगा, लेकिन इसके लिए मोटी रकम देनी पड़ेगी।

पीड़ित के अनुसार, भरोसे में आकर उसने अलग-अलग समय पर आरोपियों को करीब 75 लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद न तो जमीन का आवंटन हुआ और न ही कोई वैध दस्तावेज दिए गए।

पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप

पीड़ित का कहना है कि जब उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि राजनीतिक पहुंच और प्रभाव का डर दिखाया गया, साथ ही एससी एक्ट में फंसाने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित के मुताबिक, वीवीआईपी हस्तियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें दिखाकर प्रभाव जमाने की कोशिश की जाती थी।

थाने में हुआ था समझौता, फिर भी नहीं लौटी पूरी रकम

शिकायत के अनुसार, रायपुर थाने में दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ था, जिसमें 42 लाख 50 हजार रुपये दो महीने के भीतर लौटाने की बात तय हुई थी। बताया गया है कि थाने में 8 लाख रुपये दिए गए, लेकिन तय समय में शेष राशि का भुगतान नहीं किया गया।

पीड़ित का आरोप है कि समझौते के बाद भी आरोपी थाने में पेश नहीं हो रहे हैं और भुगतान से बचने की कोशिश कर रहे हैं।

आरोपी के खिलाफ पहले भी रहे हैं मामले

जानकारी के अनुसार, राकेश बाल्मीकि उर्फ तिनका को वर्ष 2022 में गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर किया जा चुका है। इसके अलावा चेक बाउंस के एक मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। वर्ष 2019 में वह एक जानलेवा हमले का शिकार भी हुआ था, जिसमें आपसी विवाद के चलते उस पर फायरिंग की गई थी। रायपुर थाने में उसके खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी के अन्य मामले भी दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पूर्व पार्षद और उनके पति के खिलाफ 75 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html