टिहरी गढ़वाल में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप – पेशाब पिलाने, थूक चटवाने और अमानवीय पिटाई का दावा, जांच के आदेश

टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड):
जिले के प्रतापनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी है। कुराण गांव निवासी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर केशव थलवाल ने टिहरी पुलिस पर अमानवीय अत्याचार और गंभीर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में केशव ने दावा किया कि उन्हें पुलिस अधिकारियों ने न केवल नग्न कर डंडों और बेल्ट से रातभर पीटा, बल्कि उनके सिर पर पेशाब किया और जबरन पेशाब पिलाया। इतना ही नहीं, प्यास लगने पर पानी मांगने पर कथित तौर पर पुलिसकर्मियों ने उनके पानी में थूक मिलाया और उनसे अपने जूते चटवाए।

कैसे शुरू हुई घटना?

केशव का कहना है कि 9 मई 2025 की शाम वे मसूरी रोड पर टहल रहे थे। इसी दौरान थानाध्यक्ष लंबगांव और दो उप-निरीक्षक कार में पहुंचे और उन्हें एसएसपी द्वारा बुलाए जाने का हवाला देकर साथ ले गए।

उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पहले अपने हाथ पर खुद ही खरोंचें मारीं और फिर उनके हाथ में चाकू थमा दिया, ताकि उन्हें झूठा आरोपी साबित किया जा सके। इसके बाद उन्हें कोटी चौकी ले जाया गया, जहां कथित तौर पर रातभर थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज और ‘बदले की कार्रवाई’ का आरोप

केशव ने दावा किया कि इस अमानवीय व्यवहार के पीछे बदले की भावना काम कर रही है। उनका कहना है कि उन्होंने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें एक पुलिस अधिकारी शराब माफियाओं से कथित तौर पर पैसे लेते नजर आ रहा था।

उस वीडियो के सामने आने के बाद संबंधित अधिकारी को निलंबित कर पदावनत किया गया। केशव का मानना है कि उसी घटना के बाद से पुलिस उनसे नाराज चल रही थी और यही वजह है कि उन्हें निशाना बनाया गया।

पुलिस की सफाई और पलटवार

वीडियो वायरल होते ही टिहरी पुलिस ने फेसबुक पेज पर प्रतिक्रिया दी और केशव का आपराधिक इतिहास सार्वजनिक किया। पुलिस का कहना है कि केशव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उन्होंने लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं।

थानाध्यक्ष लंबगांव धर्मेंद्र रौतेला ने कहा कि पुलिस पर लगाए गए ये आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।

जांच और कार्रवाई की तैयारी

मामले ने तूल पकड़ते ही गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने तुरंत संज्ञान लिया और टिहरी एसएसपी से रिपोर्ट मांगी।
एसएसपी आयुष अग्रवाल ने मामले की जांच नरेंद्रनगर सीओ को सौंपी है और 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

आईजी ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनाक्रोश और राजनीतिक रंग

वीडियो वायरल होने के बाद आम जनता में पुलिस के खिलाफ गुस्सा देखा जा रहा है। लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि चाहे कोई अपराधी भी क्यों न हो, उसके साथ इतना अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

कई लोग मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने भी इस घटना की CBCID जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कौन हैं केशव थलवाल?

केशव सोशल मीडिया पर लंबे समय से भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। वे अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे बड़े आंदोलनों और धरनों में भी सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।

उनकी इसी सक्रियता और प्रशासन के खिलाफ बोलने की आदत के कारण वे अक्सर विवादों में घिरते रहते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html