17 साल से फरार 50 हजार का ईनामी अपराधी STF के हत्थे चढ़ा

पंजाब, हरियाणा में छिपकर बदलता रहा ठिकाने, आखिरकार रूड़की से हुई गिरफ्तारी

देहरादून, उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 17 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के ईनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह अपराधी वर्ष 2007 में जेल से फरार हुआ था और तब से लगातार अपनी पहचान छिपाकर पंजाब व हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों में रह रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने जानकारी दी कि ईनामी अपराधियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ को एक बड़ी सफलता मिली है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर हरिसिंह उर्फ हरीश, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था, को रूड़की क्षेत्र से दबोचा गया।

भुल्लर ने बताया कि वर्ष 2007 में हरिसिंह ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रूड़की की एक मोबाइल शॉप में चोरी की थी। इस वारदात के बाद गंगनहर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रूड़की जेल भेजा था। लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसने जेल की दीवार फांदकर फरार होने में सफलता पा ली।

इसके बाद से हरिसिंह ने अपना नाम और पहचान बदल ली थी और पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों में रहकर मजदूरी और छोटे-मोटे काम करता रहा ताकि पुलिस की निगाह से बच सके। एसटीएफ की टीम लंबे समय से उस पर नजर रखे हुए थी और लगातार मैनुअल इनपुट और खुफिया नेटवर्क के माध्यम से उसकी गतिविधियों की जानकारी एकत्र कर रही थी।

आखिरकार प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने एक योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे रूड़की से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने कहा कि फरार और ईनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने एसटीएफ टीम की इस उपलब्धि के लिए सराहना की और कहा कि ऐसे अभियानों से अपराधियों में कानून का भय बना रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html