उत्तरकाशी गंगोत्री धाम जा रही तीर्थयात्रियों से भरी बस धरासू के पास पलटी, 10 यात्री घायल

उत्तरकाशी में बड़ा सड़क हादसा: गंगोत्री जा रही बस नालूपानी में पलटी, 29 यात्री घायल, सभी सुरक्षित


उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में रविवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जब गंगोत्री धाम की ओर जा रही तीर्थयात्रियों से भरी एक बस नालूपानी के पास हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेयरपिन मोड़ पर हुई, जहां बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। बस में सवार सभी यात्री मध्य प्रदेश के निवासी थे, जो श्री यमुनोत्री धाम के दर्शन के बाद गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे।

बस (वाहन संख्या: UK13PA-0085) में कुल 41 तीर्थयात्री सवार थे। हादसे में 29 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, हालांकि गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

घटना सुबह करीब पौने दस बजे की है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना धरासू पुलिस, आपातकालीन सेवा 108, और पुलिस हाईवे पेट्रोल यूनिट तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी डुंडा अस्पताल पहुंचाया गया। राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं की गई और यातायात को भी शीघ्र सामान्य कर दिया गया।

प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। अन्य वैकल्पिक साधनों के ज़रिए यात्रियों को उनके गंतव्य, गंगोत्री धाम, तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह संभावना जताई जा रही है कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, असली कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

cb6