उत्तराखण्डः रुड़की विवाद में राकेश टिकैत की एंट्री! अलर्ट हुआ पुलिस महकमा, विधायक उमेश कुमार के आवास पर चारों तरफ की बेरिकेडिंग

राकेश टिकैत की एंट्री से हरिद्वार में मचा हड़कंप, उमेश कुमार के ऑफिस पर पुलिस ने लगाई बैरिकेडिंग

हरिद्वार, रुड़की: खानपुर विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच चल रहे विवाद को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की एंट्री से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। टिकैत के आने की सूचना पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए विधायक उमेश कुमार के आवास और उनके कैम्प कार्यालय को चारों तरफ से बैरिकेड्स से घेर लिया, जिससे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को वहां जाने या आने से रोका जा सके।

 

दरअसल, राकेश टिकैत ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया था, जिसमें उन्होंने दोनों नेताओं के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की पेशकश की थी। इस संदेश के बाद, शनिवार दोपहर को पुलिस को जानकारी मिली कि राकेश टिकैत मंगलौर गुड मंडी से होते हुए उमेश कुमार के कैम्प कार्यालय पहुंचने वाले हैं। इस सूचना के बाद, सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट और गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

 

हालांकि, राकेश टिकैत समय पर वहां नहीं पहुंचे और जानकारी मिली कि वे हरिद्वार के डाम कोठी में मौजूद हैं। फिर भी, पुलिस ने विधायक के कैम्प कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और बैरिकेड्स से रास्तों को पूरी तरह से बंद कर दिया। पुलिस का कहना है कि स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रित किया जा रहा है, और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html