रानीपोखरी लॉ यूनिवर्सिटी जमीन विवाद गरमाया: हरक सिंह रावत ने सरकार पर साधा निशाना, नीयत पर उठाए सवाल

रानीपोखरी/देहरादून:
रानीपोखरी में प्रस्तावित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की जमीन को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी नीयत पर सवाल उठाए हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में हरक सिंह रावत ने कहा कि धामी सरकार ऋषिकेश के रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के लिए आवंटित भूमि को खुर्द-बुर्द करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की ही सरकार में, जब त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री थे, तब इस भूमि का आवंटन लॉ यूनिवर्सिटी के लिए किया गया था।

उन्होंने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा स्थानीय सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की उपस्थिति में यूनिवर्सिटी का शिलान्यास भी किया गया था।

7 साल में एक ईंट तक नहीं लगी:
हरक सिंह रावत ने कहा कि सात वर्ष बीत जाने के बाद भी यूनिवर्सिटी के नाम पर एक ईंट तक नहीं रखी गई। उल्टा, यूनिवर्सिटी के लिए आवंटित भूमि को टिहरी बांध विस्थापितों के नाम पर खुर्द-बुर्द किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने ही शासनादेशों का उल्लंघन किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी चरम पर है और नेता एक-दूसरे को श्रेय नहीं देना चाहते।

जनता का भरोसा उठने की चेतावनी:
हरक सिंह रावत ने कहा कि जिस तरह से रानीपोखरी में कार्रवाई की जा रही है, उससे भविष्य में मुख्यमंत्री की घोषणाओं और शिलान्यास पर से जनता का भरोसा उठ सकता है। उन्होंने बीजेपी पर चुनावों के दौरान जुमलेबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के समय जनता को गुमराह करने के लिए लॉ यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया गया था।

आंदोलन और लाठीचार्ज पर भी उठाए सवाल:
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर स्थानीय जनता आंदोलन कर रही है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता, निर्वाचित प्रतिनिधि और प्रधान संगठन के लोग भी शामिल हैं। हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन पर उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस द्वारा बर्बर लाठीचार्ज किया गया और महिलाओं के साथ अभद्रता की गई, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

कांग्रेस का वादा:
हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ खड़ी है और यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो उसी स्थान पर लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा के महत्व को समझती है और जनता की इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ेगी।

विस्थापितों के साथ भी धोखे का आरोप:
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि धामी सरकार ने न केवल स्थानीय जनता बल्कि टिहरी बांध विस्थापित परिवारों के साथ भी धोखा किया है और उनकी स्थिति त्रिशंकु जैसी कर दी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता इसका जवाब जरूर देगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html