उधमसिंहनगर में STF का बड़ा एक्शन: भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ दो गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर भी शामिल

उधमसिंहनगर:
जनपद उधमसिंहनगर में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड एसटीएफ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं, जिनमें 2 पम्प एक्शन, 2 पिस्टल और 10 कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में एसटीएफ की सभी टीमों को अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, घुसपैठियों, बांग्लादेशी नागरिकों, संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों, सक्रिय गैंगों और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम कुमाऊं ने कोतवाली जसपुर पुलिस के साथ मिलकर यह संयुक्त अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान शमशेर सिंह पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी ग्राम हजीरा, थाना जसपुर, जनपद उधम सिंह नगर और सिमरनजीत पुत्र अजमेर, निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा, जनपद उधम सिंह नगर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ये हथियार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से लेकर आए थे और इन्हें जसपुर क्षेत्र में बेचने की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया कि इन हथियारों को फर्जी लाइसेंस के जरिए वैध दिखाकर आगे सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सिमरनजीत सिंह थाना पुलभट्टा का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है, जिसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। STF अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

एसटीएफ की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html