थराली के जंगलों में भीषण आग, 20 हेक्टेयर वन क्षेत्र राख; गांवों की गौशालाओं और आबादी पर मंडराया खतरा

चमोली: उत्तराखंड में गर्मी की शुरुआत के साथ ही जंगलों में आग की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ताजा मामला थराली क्षेत्र से सामने आया है, जहां भीषण वनाग्नि ने लगभग 20 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। आग की लपटें अब गांवों के नजदीक पहुंचने लगी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

कई गांवों के जंगलों में फैली आग

जानकारी के अनुसार बद्रीनाथ वन प्रभाग के अंतर्गत मध्य पिंडर रेंज के जंगलों में आग लगी है। शुरुआत में चेपड़ों और सौगांव गांव के जंगलों में लगी आग तेजी से फैलते हुए खाड़ीबगड़, सौगांव जूनिधार और गोठिंडा के वन क्षेत्रों तक पहुंच गई।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें कई मीटर ऊंचाई तक उठ रही हैं। अब तक करीब 20 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र जलकर राख हो चुका है।

गौशालाओं तक पहुंची आग, ग्रामीणों में दहशत

आग की लपटें चेपड़ों गांव के पास तक पहुंच गई हैं, जिससे गांव की गौशालाएं भी इसकी जद में आ गई हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि आग ऊपर की ओर बढ़ते हुए जूनिधार गांव की दिशा में फैल रही है, जिससे आबादी वाले क्षेत्रों के लिए भी खतरा बढ़ गया है।

आग बुझाने में आ रही भारी दिक्कत

घने चीड़ के जंगल, खड़ी चट्टानें और लीसे से भरे पेड़ों के कारण आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई हैं।

वन क्षेत्राधिकारी मनोज देवराड़ी ने बताया कि विभाग की टीमें पूरी रात आग पर काबू पाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन आग की तीव्रता और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं।

हाईवे पर भी बढ़ा खतरा

आग की वजह से कई जलते हुए पेड़ और पत्थर थराली–देवाल मोटर मार्ग पर गिर रहे हैं। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।

वन्यजीव और पर्यावरण को नुकसान

इस भीषण आग से जंगलों में रहने वाले वन्यजीवों के लिए भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है। कई छोटे-बड़े पेड़-पौधे जल चुके हैं, जिससे क्षेत्र की पारिस्थितिकी पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और वन विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आग को जल्द से जल्द काबू में लाने के प्रयास जारी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html