पीपलकोटी सुरंग हादसा: शिफ्ट बदलते समय दो लोको ट्रेनों की भिड़ंत, 109 मजदूर थे अंदर – 88 का उपचार, 4 भर्ती
चमोली। उत्तराखण्ड के चमोली जनपद में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीबीएम साइट के भीतर दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। यह ट्रेनें सुरंग के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने का काम करती हैं। घटना के समय कुल 109 श्रमिक सुरंग के भीतर मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी चमोली से दूरभाष पर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। CM ने आवश्यक होने पर घायलों को उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने को भी कहा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने भर्ती घायलों से मिलकर उनका हाल जाना और चिकित्सकों को समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार—
-
70 श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर लाए गए
-
66 का प्राथमिक उपचार कर घर भेजा गया
-
4 श्रमिक गंभीरता को देखते हुए अस्पताल में भर्ती
-
-
पीपलकोटी विवेकानंद अस्पताल में 18 श्रमिकों का उपचार कर घर भेजा गया
-
21 श्रमिक सुरक्षित, बिना चोट के सुरंग से बाहर निकले