ताड़ीखेत की न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर

मुख्यमंत्री ने स्वयं सुनी जनसमस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

अल्मोड़ा।
“प्रशासन गाँव की ओर” अभियान के तहत विकासखंड ताड़ीखेत की न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शिविर में लगे सभी विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और मुख्य सेवक के स्टाल पर बैठकर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता के द्वार तक पहुंचे अधिकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रशासन गाँव की ओर” अभियान का उद्देश्य यही है कि सरकारी सेवाएं जनता के द्वार तक पहुंचें, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने कहा कि अब अधिकारी स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। सभी विभागों का एक ही मंच पर मौजूद होना जनता के लिए बड़ी सुविधा है।

जर्जर विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार की घोषणा

शिविर के दौरान पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज जैनोली के जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

संवाद, विश्वास और सहभागिता का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। इससे जनसमस्याओं का समाधान त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जॉइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया से संतोष जताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html