मकान में आग लगने से ढाई माह की मासूम की दर्दनाक मौत

आग में जलकर राख हुआ घर, गांव में पसरा मातम

उत्तरकाशी। जनपद के बड़कोट क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में दो मंजिला मकान में लगी आग से ढाई माह की मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना में मकान के भीतर रखा सारा सामान भी जलकर खाक हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़कोट क्षेत्र के कोटि गगटाड़ी गांव निवासी शैलेन्द्र चौहान का लसरी नामे तोक में दो मंजिला आवासीय मकान एवं छानी है। इसी मकान में नेपाली मूल का मन बहादुर अपने परिवार के साथ रहकर कार्य करता था। बीती देर शाम अचानक मकान में आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि मकान के भीतर मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन मन बहादुर की ढाई माह की मासूम बच्ची आग की चपेट में आ गई। आग की लपटों के कारण बच्ची को बाहर नहीं निकाला जा सका और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है। वहीं स्थानीय लोगों ने पहाड़ी क्षेत्रों में आग बुझाने के पर्याप्त संसाधनों की कमी को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि समय पर साधन उपलब्ध न होने के कारण ऐसी घटनाओं में जान-माल का नुकसान अधिक हो जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html