निरंजनपुर मंडी होगी शिफ्ट, नई जगह तलाशने के निर्देश
देहरादून मोबिलिटी प्लान पर मुख्य सचिव की सख़्त बैठक
देहरादून। देहरादून शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए निरंजनपुर मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने इस संबंध में मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को मंडी के लिए नई उपयुक्त जगह तलाशने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को सचिवालय में आयोजित देहरादून मोबिलिटी प्लान से जुड़ी बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि शहर का यातायात संकुलन कम करने के लिए लगातार ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने होंगे। उन्होंने आढ़त बाजार, इंदिरा मार्केट सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
आढ़त बाजार का पुनर्निर्माण जल्द
मुख्य सचिव ने आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए 20 जनवरी तक शासनादेश जारी कर दिया जाए।
साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शहर के 6 प्रमुख जंक्शनों के सुधार कार्य के लिए 15 जनवरी तक जीओ जारी करने के निर्देश दिए।
पार्किंग व्यवस्था पर जोर
शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बनी पार्किंग का 100 प्रतिशत उपयोग न होने पर मुख्य सचिव ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि—
-
तैयार पार्किंग का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए,
-
नगर निगम द्वारा लागू ऑन-रोड पार्किंग व्यवस्था को अन्य मार्गों पर भी लागू किया जाए,
-
लोगों को सड़कों पर वाहन खड़ा करने के बजाय पार्किंग में वाहन लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।