हर्बल इकोनॉमी को गति देने की तैयारी, सीएम धामी का निर्देश-क्लस्टर मॉडल, नवाचार और मार्केटिंग पर हो फोकस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित जड़ी-बूटी सलाहकार समिति की बैठक में हर्बल और औषधीय क्षेत्र के विस्तार के लिए व्यापक रणनीति तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए इस सेक्टर को राज्य की आर्थिकी का मजबूत आधार बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को गांवों में क्लस्टर आधारित मॉडल विकसित कर व्यवस्थित ढंग से कार्य करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौजूद विशाल हर्बल क्षमता राज्य के लिए बड़ी संभावना प्रस्तुत करती है। इन उत्पादों के संवर्धन, प्रोत्साहन और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए वैज्ञानिक ढंग से कार्य किया जाए। साथ ही जड़ी-बूटी और एरोमा सेक्टर में अग्रणी दो राज्यों की बेस्ट प्रैक्टिसेज का अध्ययन करने के लिए एक विशेषज्ञ टीम भेजने के निर्देश भी दिए, ताकि उत्तराखंड में भी इन मॉडल्स को अपनाकर उत्पादन और बाजार क्षमता को बढ़ाया जा सके।

उन्होंने कहा कि हर्बल सेक्टर में टर्नओवर बढ़ाने के लिए अनुसंधान, नवाचार, उत्पादन, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के बीच मजबूत समन्वय की आवश्यकता है। किसानों और स्थानीय समुदाय को जड़ी-बूटी खेती के माध्यम से बेहतर आय मिल सके इसके लिए वैल्यू एडिशन, प्रसंस्करण और प्रशिक्षण की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। पंतनगर विश्वविद्यालय को इस प्रक्रिया में तकनीकी साझेदार बनाते हुए उन्नत प्रशिक्षण और नई तकनीकों के उपयोग पर जोर देने की बात भी कही गई।

सीएम धामी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में भालू और अन्य जंगली जीव फसलों एवं जनजीवन को नुकसान पहुंचा रहे हैं, वहां कृषि व वन विभागों की संयुक्त टीमें भेजी जाएं। ये टीमें ग्रामीणों को सुरक्षा उपायों, फसल संरक्षण तकनीकों और तत्काल समाधान के उपायों की जानकारी प्रदान करें।

बैठक में जड़ी-बूटी शोध एवं विकास संस्थान के निदेशक डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने संस्थान द्वारा चल रहे अनुसंधान, दुर्लभ औषधीय प्रजातियों के संरक्षण, उत्पादन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी, जड़ी-बूटी सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष भुवन विक्रम डबराल, बलवीर घुनियाल, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव एस.एन. पांडेय, वी. षणमुगम, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे, वंदना, अनुराधा पाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html