कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत दो दिवसीय श्रीनगर दौरे पर, लिफ्ट सिंचाई योजना का करेंगे शिलान्यास और प्रभावितों को देंगे मुआवजा

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत शनिवार से अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे, विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे।

दौरे के प्रथम दिवस पर डॉ. रावत बूंखाल में आयोजित पारंपरिक मेले में शामिल होंगे। मेले में प्रतिभाग करने के साथ ही वह प्रसिद्ध बूंखाल-कालिंका मंदिर के दर्शन करेंगे और क्षेत्रवासियों से भेंट कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को समझेंगे। इसके बाद वह श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का भ्रमण कर जनसम्पर्क करेंगे। इस दौरान वह विद्यालयों, महाविद्यालयों और स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे। क्षेत्र में जारी विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।

रविवार को डॉ. रावत फरासू में लिफ्ट सिंचाई योजना के कार्यों का शिलान्यास करेंगे, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को सिंचाई सुविधाओं में काफी राहत मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास के उपरांत वह फरासू और चमधार के भूस्खलन क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। हाल ही में इन दोनों भूस्खलन जोनों के उपचार के लिए 90 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है, जिसके कार्यों की प्रगति का वह मौके पर जाकर आकलन करेंगे।

इसके बाद डॉ. रावत स्वीत गांव पहुंचकर रेल लाइन परियोजना के टनल निर्माण से प्रभावित भू-स्वामियों को मुआवजा राशि के चेक वितरित करेंगे। इसी दिन वह उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में नवनिर्मित टाइप-5 आवासीय भवनों का लोकार्पण भी करेंगे।

दौरे के दौरान मंत्री विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकें कर विकास कार्यों में तेजी लाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित निर्देश भी देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html