बदरीनाथ में कुबेर पर्वत से टूटा ग्लेशियर, मची अफरातफरी – बड़ा हादसा टला
चमोली (उत्तराखंड)। बदरीनाथ धाम क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। शुक्रवार दोपहर कंचन गंगा के ऊपर स्थित कुबेर पर्वत से एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। इस दौरान पूरे इलाके में भारी शोर और धूल का गुबार फैल गया, जिससे आसपास मौजूद लोग सहम गए और कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
सौभाग्य से, इस ग्लेशियर टूटने की घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
कैसे हुई घटना
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोपहर के समय बदरीनाथ धाम से करीब 4 किलोमीटर दूर कंचनगंगा नाले के ऊपरी हिस्से में स्थित कुबेर पर्वत का एक हिस्सा दरक गया।
पहाड़ी से बर्फ और चट्टान का बड़ा टुकड़ा टूटकर नाले में आ गिरा, जिससे कुछ देर के लिए नदी का जलस्तर बढ़ गया।
मौके पर मौजूद तीर्थयात्री और स्थानीय लोग अचानक आए धमाके जैसी आवाज से घबरा गए, लेकिन जल्द ही प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घटना सीमित क्षेत्र में हुई है और कोई बड़ी क्षति नहीं हुई।
प्रशासन की पुष्टि
उप जिलाधिकारी (बदरीनाथ) चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया —
“कुबे्रर पर्वत की ऊंचाई वाले हिस्से से बर्फ और चट्टान का कुछ भाग खिसका है। यह एक प्राकृतिक घटना है। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है।”