चमोली: छात्रों से गाड़ी धुलवाने वाला शिक्षक निलंबित, जांच शुरू

चमोली। थराली विकासखंड के गोठिण्डा जूनिधार उच्च प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल ड्रेस पहने एक छात्र हाथ में पानी की पाइप लेकर गाड़ी धो रहा है। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी विद्यालय में तैनात एक शिक्षक की है।

स्थानीय युवक ने इस पूरे घटनाक्रम को कैमरे में कैद कर लिया और मौके पर ही शिक्षक से सवाल-जवाब भी किए। वीडियो में युवक बच्चों से आपत्ति जताते हुए पूछता है कि आखिर वे पढ़ाई की जगह गाड़ी क्यों धो रहे हैं। इसके बाद खुद शिक्षक भी वीडियो में सामने आता है और सफाई देते हुए माफी मांगता दिखाई देता है।

शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई

जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा), चमोली धर्म सिंह रावत ने जानकारी दी कि विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक घनश्याम तिवाड़ी को गंभीर आरोपों के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
आरोपी शिक्षक को उप शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) थराली के कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनकी दैनिक उपस्थिति वहीं दर्ज होगी और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना वर्जित रहेगा।

एक सप्ताह में देनी होगी जांच रिपोर्ट

प्रकरण की जांच के लिए उप शिक्षा अधिकारी, थराली को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा व्यवस्था पर सवाल

यह घटना उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। विद्या के मंदिर में जहां बच्चों को किताब और कलम मिलनी चाहिए, वहां उन्हें पानी की पाइप पकड़ाकर गाड़ी धुलवाई जा रही है। इससे न केवल शिक्षा की गरिमा आहत हुई है बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ का संदेश जाता है।
स्थानीय लोग भी इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बता रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में कोई शिक्षक बच्चों से इस तरह का अनुचित कार्य न करवाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html