अल्मोड़ा में संपन्न हुआ ऐतिहासिक नंदा देवी मेला: शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, मां के जयकारों से गूंजा पूरा शहर

अल्मोड़ा: उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी अल्मोड़ा में नंदा देवी मेला धूमधाम और धार्मिक आस्था के माहौल के बीच संपन्न हो गया। मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा के दौरान नगर जयकारों से गूंज उठा और हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मां के मायके से ससुराल विदाई की इस परंपरा ने वातावरण को भावुक कर दिया।

शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

बुधवार को शाम 4 बजे नंदा देवी मंदिर प्रांगण से मां नंदा-सुनंदा का डोला नगर भ्रमण के लिए निकला। शोभायात्रा लाला बाजार, बंसल गली, माल रोड, जीजीआईसी मंदिर होते हुए सीढ़ी बाजार, कचहरी बाजार और थाना बाजार से होकर दुगालखोला पहुंची। जहां नौला स्थल पर मां की मूर्तियों का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस दौरान भक्तों के “जय मां नंदा-सुनंदा” के नारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।

विसर्जन के साथ भावुक पल

विसर्जन से पहले मां की भव्य आरती की गई। इसके बाद जब मूर्तियां जल में प्रवाहित की गईं तो माहौल भावुक हो गया। कुमाऊं की परंपरा के अनुसार इस क्षण को बेटी की ससुराल विदाई से जोड़ा जाता है। कई श्रद्धालु अपने आंसू रोक नहीं पाए।

धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व

भाद्र मास की पंचमी से शुरू होने वाला यह मेला दशमी तक चलता है। षष्ठी के दिन कदली वृक्षों (केले के पेड़ों) का आमंत्रण होता है और सप्तमी को इनसे मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का निर्माण स्थानीय कलाकार करते हैं। अष्टमी और नवमी पर विशेष पूजा अर्चना के बाद दशमी के दिन शोभायात्रा निकाली जाती है।

अल्मोड़ा का नंदा देवी मेला ऐतिहासिक माना जाता है। यह परंपरा चंद वंश के शासन काल से चली आ रही है। आज भी चंद वंशज इस मेले में विशेष पूजा-अर्चना के लिए उपस्थित होते हैं।

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

मेले में अल्मोड़ा ही नहीं बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। नंदा मंदिर प्रांगण से लेकर शहर की गलियों तक भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए लंबी कतारें लगीं।

कुलदेवी के रूप में आस्था

कुमाऊं के लोग मां नंदा-सुनंदा को कुलदेवी के रूप में पूजते हैं। यही कारण है कि यह मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि पूरे कुमाऊं की संस्कृति और भावनाओं का उत्सव बन चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html