कड़ी सुरक्षा के बीच नैनीताल जिला पंचायत को नई कमान, दीपा दरमवाल बनीं अध्यक्ष और देवकी बिष्ट उपाध्यक्ष
नैनीताल। उत्तराखंड की राजनीति में चर्चित नैनीताल जिला पंचायत को आखिरकार नई कमान मिल गई है। सोमवार को नैनीताल क्लब के शैले हॉल में आयोजित समारोह में दीपा दरमवाल ने अध्यक्ष पद और देवकी बिष्ट ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने दोनों पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष दीपा दरमवाल ने 25 में से 24 निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। केवल सदस्य पुष्पा नेगी अनुपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की मुख्य झलकियां
-
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपा दरमवाल ने विधायक सरिता आर्या, राम सिंह केड़ा, मोहन बिष्ट, राज्यमंत्री शांति मेहरा, दिनेश आर्या आदि का स्वागत किया।
-
उद्घोषक हेमंत बिष्ट ने मुख्यमंत्री द्वारा भेजा गया संदेश पढ़ा। इसमें पदाधिकारियों से जनता की सुविधाओं, सड़क निर्माण, गांव-कस्बों के संवर्धन, आजीविका, महिला विकास और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
-
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान आनंद सिंह दरमवाल, अधिवक्ता एम.सी. कांडपाल, गोपाल रावत, गोविंद सिंह बिष्ट, नितिन कार्की, गोपाल गंगोला, बॉबी भाकुनी, रत्नेश साह, गजाला कमाल समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।