रुद्रप्रयाग में अलकनंदा- मंदाकिनी उफान पर, घर खाली कराए गए

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है और नदी का पानी किनारे बसे आवासीय भवनों तक पहुंच गया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने इन घरों को खाली करा दिया है। वहीं, मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ और बदरीनाथ क्षेत्र में लगातार तेज बारिश जारी है, जिसके कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

शनिवार सुबह 8 बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर 626.90 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 627.00 मीटर से महज 10 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर चेतावनी स्तर 626.00 मीटर को पहले ही पार कर चुका है। इसी तरह मंदाकिनी नदी का जलस्तर 625.10 मीटर दर्ज हुआ, जो चेतावनी स्तर 625.00 मीटर को पार कर चुका है और अब खतरे के निशान 626.00 मीटर के करीब पहुंच रहा है।

भारी बारिश के कारण नदी-नालों के उफान पर आने से कई घर भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं। साथ ही कई संपर्क मार्ग बाधित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। चमोली जिले से लेकर रुद्रप्रयाग तक बारिश ने विकराल स्थिति पैदा कर दी है।

नदियों में पानी के साथ बड़ी मात्रा में मलबा और कूड़ा-करकट बहकर आ रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। एहतियातन नदी किनारे जाने पर रोक लगा दी गई है और पुलिस-प्रशासन लगातार तटीय क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन टीम, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। प्रशासन ने मुनादी और एनाउंसमेंट के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव दलों को तैयार रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *