नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं भाजपा की दीपा, उपाध्यक्ष कांग्रेस की देवकी

नैनीताल। लंबे सस्पेंस और कड़ी राजनीतिक उठापटक के बाद आखिरकार नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए। इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भाजपा की दीपा दरमवाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर ली, जबकि कांग्रेस की देवकी बिष्ट ने उपाध्यक्ष पद अपने नाम किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की दीपा दरमवाल का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी से था। मतगणना बेहद रोमांचक रही और महज एक वोट के अंतर से दीपा दरमवाल विजयी रहीं। उन्हें कुल 11 वोट मिले, जबकि पुष्पा नेगी को 10 वोट हासिल हुए। एक वोट अमान्य घोषित किया गया। परिणामों की घोषणा नैनीताल जिला कोषागार में की गई।

इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर भी दिलचस्प स्थिति देखने को मिली। यहां भाजपा प्रत्याशी बहादुर सिंह नगदली और कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट को बराबर वोट मिले। नतीजे का फैसला टॉस के जरिए हुआ, जिसमें किस्मत ने कांग्रेस की देवकी बिष्ट का साथ दिया और वे उपाध्यक्ष चुनी गईं।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल ने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जीत है। उन्होंने जनता का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि वह क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगी।

इन चुनावों ने जहां भाजपा को अध्यक्ष पद पर जीत दिलाई, वहीं कांग्रेस ने उपाध्यक्ष पद अपने नाम कर संतुलन बनाए रखा। कड़े संघर्ष और रोमांच से भरे इस मुकाबले ने नैनीताल जिला पंचायत चुनाव को प्रदेशभर में चर्चा का केंद्र बना दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html