उत्तराखंड में संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण पर सख्त रोक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में आपदा प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन, हिमस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की संभावना को देखते हुए सभी जिलों में संवेदनशील स्थानों की तत्काल पहचान की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर किसी भी प्रकार की नई बसावट या निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, प्रदेश के प्राकृतिक जल स्रोतों, नदियों और नालों के किनारों पर सरकारी या निजी निर्माण कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर उनके अनुपालन की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इन आदेशों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

धामी ने कहा कि आपदा से बचाव के लिए रोकथाम के उपायों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और संवेदनशील क्षेत्रों में जनहित को ध्यान में रखते हुए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *