अल्मोड़ा: युवती से दुर्व्यवहार का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
अल्मोड़ा उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक युवती के साथ यौन उत्पीड़न, मारपीट और धर्म परिवर्तन का दबाव डालने के मामले में एक युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई द्वाराहाट थाना क्षेत्र में युवती के परिजनों की शिकायत के बाद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
क्या है मामला?
द्वाराहाट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक धर्म विशेष के युवक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर पहले दिल्ली ले गया और फिर वहां शादी का झांसा देकर शारीरिक और मानसिक शोषण किया।
परिजनों का दावा है कि आरोपी युवक, उसकी मौसी और नाना ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव डाला, और 10 लाख रुपये की मांग कर कई बार मारपीट की।
पिछले विवाद का भी जिक्र
परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक से बेटी की पहचान साल 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। पहले भी मामला किशोर अपराध न्यायालय में गया था, लेकिन युवक ने दोबारा युवती से संपर्क कर उसे फिर से दिल्ली ले जाकर उत्पीड़न किया।
धमकी और ब्लैकमेलिंग का आरोप
पीड़िता के पिता ने कहा कि बेटी को वापस लाने के बाद भी दिल्ली से बार-बार धमकी भरे कॉल और पैसों की मांग की जा रही थी। आरोपी खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहा था, जिससे परिजन मानसिक तनाव में थे।
पुलिस ने दिल्ली से दबोचा आरोपी
शिकायत मिलते ही एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
-
पुलिस की छानबीन में पता चला कि आरोपी युवक दक्षिण-पूर्वी दिल्ली का निवासी है।
-
टीम ने दिल्ली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और अल्मोड़ा लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कानूनी कार्रवाई और धाराएं
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 69, 115(2), 351(2), 352 के तहत एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3/5 के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा,
“मामला गंभीर और संवेदनशील है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य संलिप्त लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस तरह के मामलों में पुलिस सख्ती से निपटेगी।”