देहरादून में पहली बार उत्साह के साथ मनाया गया ट्रांसजेंडर अधिकार दिवस, समाज के समर्थन ने बढ़ाया हौसला
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार को ट्रांसजेंडर अधिकार दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन होप संस्था, यारियां समिति, और तेजस्विनी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य आयोजक अदिति शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अप्रैल 2014 का दिन ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा। इस दिन भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए ट्रांसजेंडरों को संविधान के तहत समान अधिकारों का पात्र माना था। हालांकि इतने महत्वपूर्ण दिन को अब तक बड़े स्तर पर नहीं मनाया गया, लेकिन उत्तराखंड ने इस पहल की शुरुआत कर एक मिसाल कायम की है।
